Dubai नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नशीले पदार्थों की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शुक्रवार को एयरपोर्ट के अराइवल टनल गेट से पुलिस ने तीन भारतीय मुस्लिम नागरिकों को भारी मात्रा में चरस के साथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 11.27 किलोग्राम चरस बरामद हुई है। केंद्रीय पुलिस प्रवक्ता और पुलिस उपमहानिरीक्षक अविन नारायण काफ्ले ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान 43 वर्षीय समीना अख्तर बेग मिर्जा, 24 वर्षीय मोहम्मद जुनैद और 44 वर्षीय अफसाना अमीर हुसैन शेख के रूप में हुई है।
पुलिस की सघन तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से नशीला पदार्थ बरामद करने में बड़ी सफलता मिली। जांच में पता चला कि मोहम्मद जुनैद और समीना मिर्जा के पास करीब 3.87 किलोग्राम चरस थी, जबकि अफसाना शेख के पास से अकेले 7.4 किलोग्राम चरस जब्त की गई। प्रवक्ता काफ्ले के अनुसार, ये तीनों तस्कर ‘फ्लाई दुबई’ के विमान से दुबई से काठमांडू पहुंचे थे। फिलहाल, इन तीनों भारतीयों को आगे की कड़ी पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट के तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं।


